सीधी, 23 जुलाई।
सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र के बघोड़ी गांव में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। हादसा गुरुवार सुबह उस समय हुआ, जब किसान अपने खेत में अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बघोड़ी गांव निवासी 58 वर्षीय राम सुंदर पटेल पुत्र छोटकउ पटेल गुरुवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। उनके साथ करीब 14 मजदूर भी खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। तभी आकाशीय बिजली गिरने से किसान गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद खेत में मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। सभी ने काम बंद कर घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसान की मौत आकाशीय बिजली गिरने से होना प्रतीत हो रही है। मामले में स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












