आगरा, 28 जुलाई।
ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पेमा रोड स्थित दरगाह अहमद बुखारी के पास मंगलवार सुबह एक मकान से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां एक कमरे में 35 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि मकान फरहान उर्फ आकू का है, जो अपने पिता के संजय पैलेस स्थित होटल पर काम करता है। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचने के बाद फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को बुलाया गया। करीब तीन घंटे बाद टीमों की मौजूदगी में ताला तोड़कर कमरे की तलाशी ली गई, जहां महिला का शव मिला। घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट के निशान मिले हैं। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या की गई है। घटना के बाद फरहान और उसके परिजनों के घर पर नहीं मिलने से पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों में शुरुआत में यह चर्चा थी कि घर के अंदर फरहान का शव हो सकता है, लेकिन जांच में महिला का शव मिला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि फरहान शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। करीब डेढ़ महीने पहले वह झांसी से एक महिला को आगरा लेकर आया था और उसे अपनी दूसरी पत्नी बताता था। बताया गया कि महिला भी शादीशुदा थी और उसके भी दो बच्चे हैं। उसका नाम उज़ेबा बताया गया है, जिसकी उम्र करीब 35 वर्ष थी। लोगों के अनुसार, दो-तीन दिन से मकान पर ताला लगा था। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक कारणों के चलते महिला की हत्या की गई। यह भी बताया गया कि फरहान पहली पत्नी से अलग होकर पिछले लगभग डेढ़ महीने से इसी महिला के साथ रह रहा था और महिला के बच्चों को कुछ दिन पहले झांसी छोड़कर आया था।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान उज़ेबा के रूप में हुई है, जो पिछले करीब डेढ़ माह से फरहान के साथ रह रही थी। फरहान और उसके परिवार के सदस्य फिलहाल फरार हैं। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाकर आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

















