पुरुलिया, 28 जुलाई।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 322 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात गोविंदपुर-बालासोर राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर पुरुलिया शहर के प्रवेश मार्ग के पास स्थित बेलकुड़ी रामकृष्ण मिशन के निकट अभियान चलाया गया। इस दौरान एक ट्रक और उसके आगे-पीछे चल रही दो छोटी गाड़ियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई।
जांच के दौरान ट्रक के निचले हिस्से में बनाई गई गुप्त कोठरी का पता चला। स्थानीय प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों की मौजूदगी में इसे खोला गया, जहां छोटे-छोटे पैकेटों में छिपाकर रखा गया 322 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र से बरामद मादक पदार्थ का वजन भी कराया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें तीन पश्चिम बंगाल, एक ओडिशा और तीन बिहार के निवासी हैं। सभी आरोपितों की आयु 32 से 48 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान में विशेष अभियान दल की अहम भूमिका रही। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि गुप्त कोठरी बनाकर मादक पदार्थ को दूसरे राज्य भेजने की तैयारी थी। अब यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सामाजिक माध्यम 'एक्स' पर पुलिस टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राज्य की कानून-व्यवस्था एजेंसियां समन्वित और प्रभावी ढंग से काम कर रही हैं तथा ऐसे अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है।

















