नोएडा, 28 जुलाई।
थाना कासना क्षेत्र के घंघोला गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव उसके ससुराल स्थित घर में पंखे से फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घंघोला गांव निवासी अमित का विवाह वर्ष 2020 में तनु (25) से हुआ था। मंगलवार सुबह विवाहिता का शव घर के भीतर पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के समय से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। उनका कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर तनु की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर पति अमित और उसकी मां समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

















