नोएडा, 28 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में टेलीग्राम के माध्यम से घर बैठे वीडियो लाइक कर मोटी कमाई का लालच देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को अपने झांसे में लेकर उससे पांच लाख 17 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित उदयेन्दू शेखर श्रीवास्तव ने बीती रात मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनसे संपर्क कर दावा किया कि सोशल मीडिया पर वीडियो लाइक करके घर बैठे अच्छी आय अर्जित की जा सकती है।
पीड़ित ने बताया कि शुरुआत में वीडियो लाइक करने के बदले उन्हें कुछ रकम दी गई, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद अधिक कमाई का लालच देकर आरोपितों ने उनसे अपने खाते में पांच लाख 17 हजार रुपये स्थानांतरित करा लिए।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

















