नोएडा, 28 जुलाई।
थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, देर रात एएमआर बिल्डिंग के पीछे बैरियर लगाकर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध कार वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें मौके से पकड़ लिया गया। उनकी पहचान मध्य प्रदेश निवासी अभिषेक सिंह और रमन शर्मा के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से लूटी हुई स्विफ्ट डिजायर कार, एक मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किए गए दो अन्य मोबाइल फोन, देशी तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उबर ऐप के माध्यम से दिल्ली से दनकौर जाने के लिए एक कैब बुक की थी। 26 जुलाई को ईकोटेक प्रथम थाना क्षेत्र में चालक के साथ मारपीट करने के बाद दोनों कार और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की कई अन्य वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
















