रायपुर, 28 जुलाई।
राजधानी में अपराध पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के आदेश पर बीते सोमवार की रात शहर के मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन के कुल 41 प्रमुख स्थानों पर एक साथ बड़ा अभियान छेड़ते हुए सघन वाहन चेकिंग और नाकाबंदी की गई। रात साढ़े आठ बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने पांच हजार से ज्यादा गाड़ियों और संदिग्ध लोगों की बारीकी से पड़ताल की।
इस ड्राइव के दौरान बिना नंबर प्लेट, फैंसी अंकों वाली प्लेट और शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर ही शीशे साफ कराए गए तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर ई-चालान व मोटरयान अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया गया। ठीक उसी समय गोलबाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री मार्केट से चोरी हुई एक बाइक की जानकारी वायरलेस के जरिए सभी नाका पॉइंटों व गश्त दलों तक पहुंचाई गई, जिसके बाद सतर्क टीम ने घेराबंदी करके भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को दबोच लिया और चुराई गई गाड़ी बरामद कर ली।
उधर, गंज थाना अंतर्गत तेलीघानी नाका चेकप्वाइंट पर खाकी को देखकर भागने वाले आरोपी आर्यन चौहान को दबोचकर उसकी तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से एक धारदार चाकू मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में अपराधियों पर लगाम लगाने और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के वास्ते ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे।

















