सिलीगुड़ी, 28 जुलाई।
सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के प्रयास का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। सूचना मिलने के बाद सोमवार देर रात सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके में विशेष अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस की नजर एक युवक पर पड़ी, जो नीले रंग का प्लास्टिक ड्रम लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर ड्रम की जांच की। तलाशी लेने पर उसके भीतर से बड़ी संख्या में शराब की बोतलें बरामद हुईं।
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपित बस के माध्यम से शराब को समस्तीपुर ले जाने की तैयारी में था। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मंगलवार को उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

















