फर्रुखाबाद, 28 जुलाई।
कमालगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक अधेड़ ग्रामीण का शव खेत की मेड़ पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक आशंका है कि हत्या के बाद शव को वहां लाकर फेंका गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सबासी गंगापार निवासी पप्पू यादव (45) का शव ग्राम बसैकापुर जाने वाले मार्ग पर हरिशंकर के खेत की मेड़ पर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। मृतक की आंख के पास घाव का निशान मिला, जबकि शरीर पर अन्य कोई स्पष्ट चोट नहीं पाई गई। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि पप्पू यादव ने पड़ोसी गांव धीरपुर में कमलेश शर्मा के मकान के पास रहने के लिए जमीन खरीदी थी। वह रोज की तरह सोमवार रात उसी स्थान पर चारपाई डालकर सोने गया था। सूचना के बाद पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी रही।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

















