नोएडा, 28 जुलाई।
दनकौर थाना पुलिस ने मंगलवार तड़के हुई मुठभेड़ के दौरान गोकशी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके तीन साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, तड़के गश्त के दौरान बदमाशों की तलाश की जा रही थी। इसी बीच चार संदिग्ध एक मोटरसाइकिल के पास खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दौला राजपुर निवासी मेहताब के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ पहले से गोकशी के कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी तमंचा, चोरी की मोटरसाइकिल, पशुओं के वध में इस्तेमाल किए जाने वाले नशीले इंजेक्शन, चापड़, छुरी, प्लास्टिक की रस्सियां और प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के तीन साथी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

















