नोएडा, 28 जुलाई।
दनकौर थाना क्षेत्र के भट्ठा गांव के पास नहर में थार जीप गिरने से हुई महिला की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों ने सोमवार देर शाम उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भट्ठा गांव निवासी मोहित सोमवार सुबह अपनी पत्नी रीना के साथ मथुरा से दनकौर लौट रहा था। इसी दौरान भट्ठा गांव के निकट उसकी थार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। पानी में डूबने से रीना की मौत हो गई थी।
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि रीना की हत्या दहेज के लिए रची गई साजिश का हिस्सा है। परिजनों का कहना है कि शादी के समय से ही ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा और इसी वजह से पति, सास तथा ससुर ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

















