धर्मशाला, 30 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश के नूरपुर पुलिस जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डमटाल पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गांव बाईं अटारियां में एक युवक के घर से 151.9 ग्राम चरस बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, डमटाल थाना टीम कंदरोड़ी फाटक के पास गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कौशल नाम का युवक अपने घर से चरस बेचने का काम कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे में रखे बेड के रैक से चरस बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कौशल (24) निवासी गांव बाईं अटारियां, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
डमटाल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य पहलुओं और नशे की सप्लाई से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

















