काठमांडू, 30 जुलाई।
नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में हुई घटना को लेकर हिन्दू संगठनों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। दोषियों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं होने से हिन्दू समाज में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मोरंग जिले के विराटनगर में गुरुवार को लोगों ने बोलबम कांवरिया पर हुए हमले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हनुमान मंदिर परिसर में जुटे लोगों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन कार्यालय के सामने अपनी मांगें रखीं।
प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने की अपील की।
घटना के बाद पैदा हुए हालात को देखते हुए मोरंग प्रशासन भी सामाजिक और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने के लिए सक्रिय हो गया है। प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन कार्यालय मोरंग ने सर्वदलीय बैठक आयोजित करने की तैयारी की है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, नागरिक समाज, धार्मिक संगठनों और सुरक्षा निकायों के प्रतिनिधियों के साथ शांति और सुरक्षा की आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
बैठक से पहले ही बड़ी संख्या में लोग प्रशासन कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार, 300 से अधिक लोगों ने प्रमुख जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपने के लिए इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

















