कोलकाता, 30 जुलाई।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता और बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के असर से पश्चिम बंगाल के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार को रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा या बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दक्षिण बंगाल के क्षेत्रों में खासतौर पर कोलकाता और आसपास के इलाकों में उमस का असर बना रहेगा। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। फिलहाल राज्य के लिए किसी बड़े मौसम अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है।
दक्षिण-पश्चिम और पश्चिमी जिलों में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है। पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक की संभावना है। वहीं पूर्व मेदिनीपुर के दीघा, हल्दिया और कांथी जैसे तटीय इलाकों में नम हवाओं के प्रभाव से मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
बारिश का असर बांकुड़ा, विष्णुपुर और पुरुलिया में भी देखने को मिल सकता है। यहां बादलों की आवाजाही के बीच गरज-चमक, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है।
आसनसोल, पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम जिलों में भी मानसून सक्रिय रहने के कारण मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ जगहों पर वज्रपात की आशंका बनी हुई है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे जाने से बचने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है।

















