कुल्लू, 30 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में महिला डॉक्टर, उसके पति, देवर और ससुर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह महिला डॉक्टर और मृतक के बीच कथित संबंधों को लेकर किया गया शक बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में डॉक्टर करण ठाकुर, दिनेश कुमार और विजय कुमार भी शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लाभ सिंह गुलेरिया को अपने घर बुलाया था। वहां उसके साथ मारपीट की गई और गंभीर हालत में उसे गांधीनगर क्षेत्र में सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि घटना को सड़क हादसे जैसा दिखाया जा सके।
लाभ सिंह 24 जुलाई की रात ड्यूटी खत्म करने के बाद घर नहीं पहुंचे थे। पत्नी के फोन करने पर उन्होंने देर होने की बात कही थी और सड़क दुर्घटना का जिक्र किया था। अगले दिन सुबह वह गांधीनगर कार्यालय के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर एम्स रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी ने शुरुआत से ही इसे हत्या मामला बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और फोरेंसिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
















