चित्तौड़गढ़, 30 जुलाई।
सोशल मीडिया पर पशु बलि और वन्य जीव शिकार के वीडियो वायरल होने के मामले में चंदेरिया पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई धारदार तलवार भी बरामद की है। मामला भैंस के बछड़े की बलि और संरक्षित वन्यजीव खरगोश के शिकार से जुड़े वीडियो वायरल होने का है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया निगरानी के दौरान इंस्टाग्राम पर वायरल हुए वीडियो की जानकारी मिली थी। वीडियो में एक व्यक्ति पाड़े की बलि और दूसरे वीडियो में खरगोश का शिकार करता दिखाई दे रहा था। जांच के बाद पुलिस ने दोनों वीडियो में शामिल लोगों की पहचान की। इसके बाद चंदेरिया थाना क्षेत्र के अमोलिया निवासी शोभालाल बागरिया और शंकर बागरिया को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि शोभालाल के खिलाफ पशु क्रूरता और बलि से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं शंकर बागरिया के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपियों ने इससे पहले कहीं और भी अपराध किए हैं या नहीं।

















