संभल, 30 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बहजोई थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोकशी के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान गोली लगने से घायल आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात बहजोई थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ आटा-पंवासा रोड पर जांच कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से जा रहे एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने बताया कि भाग रहे व्यक्ति ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपित की पहचान बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र निवासी सूरज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसने 25 जुलाई को हुई गोकशी की घटना को अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके अन्य चार साथियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

















