डिब्रूगढ़ ,04 अगस्त।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार को असम, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर डिब्रूगढ़ पहुंचे। डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह रात्रि विश्राम के लिए शहर स्थित एक रिसोर्ट में ठहरेंगे।
दौरे के दूसरे दिन बुधवार को जेपी नड्डा असम के शिवसागर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह प्रभावित गांवों, राहत शिविरों, क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का जायजा लेने के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री नगालैंड के मोन जिले का दौरा करेंगे। यहां वह बाढ़ प्रभावित गांवों और राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही डिफेंस कॉलोनी और आसपास के इलाकों में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा कर प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे।
नगालैंड दौरे के बाद जेपी नड्डा वापस डिब्रूगढ़ लौटेंगे। यहां वह मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और असम सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह डिब्रूगढ़ में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
6 अगस्त को केंद्रीय मंत्री अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले के याजाली पहुंचेंगे। यहां फ्लैश फ्लड और बादल फटने से प्रभावित इलाकों का दौरा कर क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे। वह प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद इटानगर में अरुणाचल प्रदेश सरकार के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद उसी दिन गुवाहाटी होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
















