भोपाल, 04 अगस्त।
राजधानी में साइबर ठगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस बार न्यू मार्केट के एक ज्वेलरी कारोबारी को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 1.20 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। आरोपी ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर ओटीपी हासिल किया और कुछ ही मिनटों में कार्ड से रकम ट्रांसफर कर ली। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शास्त्री नगर निवासी एकांश अग्रवाल, जो न्यू मार्केट में ज्वेलरी का व्यवसाय करते हैं, ने कुछ दिन पहले अपने एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए बैंक से संपर्क किया था। इसके दो दिन बाद 31 जुलाई को उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक अधिकारी बताते हुए कार्ड की लिमिट बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।
बातचीत के दौरान आरोपी ने सत्यापन प्रक्रिया का हवाला देकर ओटीपी मांगा। ओटीपी साझा करते ही एकांश अग्रवाल के क्रेडिट कार्ड से 1.20 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हो गया। मोबाइल पर राशि कटने का संदेश मिलने के बाद उन्हें ठगी का पता चला।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक से अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब ट्रांजेक्शन का विवरण, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।
















