नई दिल्ली, 04 अगस्त।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने मंगलवार को ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह एक बार फिर बिना आधार के आरोप लगाकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल स्वयं को पढ़ा-लिखा और आईआईटी से शिक्षित बताते हैं, लेकिन गंभीर विषयों पर भी बिना ठोस तथ्यों के बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असफलताओं के बीच वह अपने पुराने तरीके से फिर सार्वजनिक आरोप लगा रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भी केजरीवाल ने वैक्सीन के संबंध में ऐसे सवाल उठाए थे, जिनका कोई ठोस आधार नहीं था। उन्होंने कहा कि मेकैनिकल इंजीनियरिंग की पृष्ठभूमि होने के बावजूद ई-20 पेट्रोल के तकनीकी पहलुओं पर तथ्यात्मक चर्चा करने के बजाय बिना शोध के दावे किए जा रहे हैं।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि इस तरह के बयान आम लोगों के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा करते हैं। उनका कहना था कि किसी भी तकनीकी विषय पर सार्वजनिक टिप्पणी करते समय तथ्यों और प्रमाणों का आधार होना आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने ई-20 पेट्रोल के विरोध में अपने समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला। हालांकि दिल्ली पुलिस ने उन्हें फिरोजशाह रोड पर ही रोक दिया। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि वे दो लाख से अधिक हस्ताक्षरों वाली याचिका लेकर प्रधानमंत्री से ई-20 पेट्रोल लागू नहीं करने का आग्रह करने जा रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके साथ ऐसे लोग मौजूद हैं, जिनकी गाड़ियां ई-20 पेट्रोल के कारण प्रभावित हुई हैं।
















