भोपाल, 04 अगस्त।
ट्रेनों में झाड़ू लगाने की आड़ में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले एक शातिर चोर को जीआरपी भोपाल ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से महिला यात्री के पर्स से चोरी किया गया करीब दो तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग ढाई से तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
जीआरपी के मुताबिक रायपुर निवासी चित्ररेखा 20 जुलाई को अपने पति के साथ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के ए-1 कोच में रायपुर से निजामुद्दीन जा रही थीं। भोपाल स्टेशन पहुंचने से पहले किसी अज्ञात व्यक्ति ने सीट पर रखा उनका लेडीज़ पर्स चोरी कर लिया। बाद में पर्स ट्रेन के बाथरूम में मिला, लेकिन उसमें रखा दो तोला सोने का मंगलसूत्र गायब था। शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक रेल अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू डावर और उप पुलिस अधीक्षक रामस्नेह चौहान के निर्देशन में गठित टीम ने स्टेशन और ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध युवक की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान भोपाल के अयोध्या बायपास स्थित मुस्कान कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय संतोष के रूप में बताई और महिला यात्री के पर्स से मंगलसूत्र चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ट्रेनों में झाड़ू लगाकर अपना गुजारा करता है और इसी दौरान यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाकर उनके पर्स और बैग से कीमती सामान चोरी कर लेता था। पुलिस के अनुसार वह पहले भी चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
















