नई दिल्ली, 04 अगस्त।
तृणमूल कांग्रेस से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल हुए 20 सांसदों ने मंगलवार को बंग भवन में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की। बैठक में मुर्शिदाबाद क्षेत्र के सांसद अबू ताहिर, खलीलुर्रहमान और यूसुफ पठान भी मौजूद रहे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और सांसद निशिकांत दूबे भी बैठक में शामिल हुए।
बताया गया कि अबू ताहिर, खलीलुर्रहमान और यूसुफ पठान पिछले कुछ समय से एनसीपीआई की साप्ताहिक 'मंगल मिलन' बैठकों में शामिल नहीं हो रहे थे। मंगलवार को भी उनकी अनुपस्थिति के बाद उनके दोबारा तृणमूल कांग्रेस में लौटने की अटकलें तेज हो गई थीं।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ हुई बैठक में तीनों सांसदों ने स्पष्ट किया कि वे एनसीपीआई के साथ ही बने हुए हैं और आगे भी पार्टी का हिस्सा रहेंगे। उन्होंने भविष्य में नियमित रूप से पार्टी की बैठकों में शामिल होने का भी भरोसा दिया।
बताया गया कि सांसदों के साथ संवाद स्थापित कर स्थिति स्पष्ट करने के उद्देश्य से ही सुवेंदु अधिकारी को दिल्ली बुलाया गया था। बैठक के दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक से पहले संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए एनसीपीआई के सांसद और पार्टी के फ्लोर लीडर सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि उनकी पार्टी को अभी तक आधिकारिक मान्यता नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी चर्चा की गई है, लेकिन अब तक कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस की ओर से दायर दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता संबंधी याचिकाओं पर लोकसभा अध्यक्ष का अंतिम निर्णय अभी लंबित है।
















