मुंबई, 04 अगस्त।
मुंबई में आयोजित उद्योग जगत के एक कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्योगपतियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक नीतियों को निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। उद्योग जगत ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की निवेश-अनुकूल सोच और औद्योगिक विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसी पहलों को उद्योग जगत ने निवेश बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। निवेशकों ने कहा कि मध्यप्रदेश की उद्योग-अनुकूल नीतियों ने राज्य के प्रति उनका विश्वास और मजबूत किया है। साथ ही ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन को मुख्यमंत्री के औद्योगिक विज़न की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों के साथ संवाद में कहा कि मध्यप्रदेश आज हर क्षेत्र में संतुलित और तेज़ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार ने निवेशकों के लिए उद्योग-अनुकूल और भविष्यवादी नीतियां लागू की हैं तथा 'मेक इन एमपी' को नई पहचान देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के पास देश के सबसे बड़े लैंड बैंक में से एक उपलब्ध है, जिससे नए उद्योगों की स्थापना आसान होगी। बेहतर सड़क, रेल, हवाई और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी मध्यप्रदेश की बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि राज्य में एमएसएमई से लेकर भारी उद्योगों तक सभी क्षेत्रों में निवेश के व्यापक अवसर मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे देश में रोड शो आयोजित कर मध्यप्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं को निवेशकों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने इस अभियान में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सहयोग की सराहना की और कहा कि रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव तथा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को उद्योग जगत से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का संकल्प निवेशकों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन 'मेक इन इंडिया' और 'मेक इन एमपी' अभियान को नई गति देगा। प्रदेश का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि रोजगार, नवाचार और औद्योगिक विकास का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना भी है।
















