भोपाल, 04 अगस्त।
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने चुनाव परिणामों का आकलन करने के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है।
समिति में भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नेता चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर हार के कारणों का विस्तृत विश्लेषण करेंगे। इसके बाद समिति अपनी रिपोर्ट और सुझाव प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेगी।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने मंगलवार को बताया कि समिति का उद्देश्य चुनाव परिणामों की निष्पक्ष समीक्षा करना, संगठनात्मक कमियों का आकलन करना और अन्य कारणों की पहचान करना है, ताकि भविष्य की चुनावी रणनीति को और प्रभावी बनाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित किया था। इससे पहले वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा इस सीट पर जीत हासिल नहीं कर सकी थी।
उपचुनाव में मिली हार के बाद पार्टी ने समीक्षा प्रक्रिया तेज कर दी है। इस समिति के गठन को दतिया उपचुनाव के परिणामों का गहन विश्लेषण करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















