भोपाल, 04 अगस्त।
राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र में खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिसकर्मी बताकर युवक से लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। गिरोह के सदस्यों ने युवक को एमडी ड्रग्स के मामले में फंसाने की धमकी देकर उसके गले से करीब डेढ़ तोला सोने की चेन छीन ली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई है, जबकि सोने की चेन की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अरशद खान, अरशद खान, फरहान खान और पवित्रा लालजी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपियों के खिलाफ राजधानी के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक फरियादी अभिषेक राजपूत 2 और 3 अगस्त की दरमियानी रात अपने दोस्तों के साथ भोजन कर घर लौट रहे थे। कॉलोनी की पार्किंग में पहुंचते ही एक स्कॉर्पियो उनके पास आकर रुकी। वाहन से उतरे तीन युवक और एक महिला ने खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताते हुए उन्हें जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया।
इसी दौरान एक आरोपी ने अभिषेक के गले से सोने की चेन झपट ली। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गठित विशेष पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों और वाहन की पहचान की। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जब्त कर ली है और छीनी गई सोने की चेन बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस गिरोह ने इसी तरह खुद को पुलिसकर्मी बताकर शहर में अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। साथ ही फरार साथियों की तलाश भी जारी है।
















