वाराणसी, 05 अगस्त।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के तीन संकाय सदस्यों का वर्ष 2026 के लिए नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज़, इंडिया (नासी) की प्रतिष्ठित सदस्यता के लिए चयन किया गया है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है और इसे संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नासी की ओर से जारी चयन सूची के अनुसार पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजीव प्रताप सिंह तथा वनस्पति विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार वर्मा का चयन कृषि एवं पादप विज्ञान वर्ग में किया गया है। वहीं सेंटर फॉर एक्सपेरिमेंटल मेडिसिन एंड सर्जरी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विभव गौतम को जैव विज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी श्रेणी में नासी की सदस्यता के लिए चुना गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि तीन शिक्षकों का एक साथ नासी की सदस्यता के लिए चयन होना पूरे बीएचयू परिवार के लिए गौरव का विषय है। इसे विश्वविद्यालय में अनुसंधान, नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
विश्वविद्यालय का मानना है कि यह सम्मान उच्च गुणवत्ता वाले शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के प्रति संस्थान की सतत प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है और इससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को नई मजबूती मिलेगी।














