मीरजापुर, 05 अगस्त।
मीरजापुर के पड़री थाना क्षेत्र स्थित डगमगपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पंचर मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार अहरौरा थाना क्षेत्र के पटियटा खुटहा गांव निवासी 40 वर्षीय अजहरुद्दीन पिछले तीन वर्षों से डगमगपुर में क्रेशर प्लांट के समीप पंचर बनाने की दुकान संचालित कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। बुधवार सुबह दुकान की बिजली आपूर्ति बाधित होने पर वह केबल जोड़ने के लिए नीम के पेड़ पर चढ़े। इसी दौरान पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा जताई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
अजहरुद्दीन चार भाइयों में सबसे बड़े थे और पंचर मिस्त्री के रूप में कार्य कर परिवार की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके निधन के बाद पत्नी सिब्बी बेगम, पुत्र ऐनुल, ईबरार तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।














