प्रयागराज, 05 अगस्त।
प्रयागराज के अतरसुइया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गुजराती मोहल्ला निवासी कुसुम देवी चौरसिया, पत्नी छेदीलाल चौरसिया, घर के भीतर अचानक करंट की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम संबंधी विधिक प्रक्रिया के लिए अपने कब्जे में लिया।
घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण घर की रेलिंग में अचानक करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से कुसुम देवी की जान चली गई।
वहीं, पुलिस का कहना है कि घर में करंट आने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। यह पता लगाया जाएगा कि आखिर किस वजह से घर की रेलिंग में करंट प्रवाहित हुआ और घटना किन परिस्थितियों में हुई।














