फतेहपुर, 06 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने युवती और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बकेवर थाना क्षेत्र के शकूराबाद गांव के बाहर अंबेडकर नगर निवासी 22 वर्षीय अकमल का शव फंदे से लटका मिला। वह गाजियाबाद में नौकरी करता था। परिजनों का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान शकूराबाद गांव निवासी तहजीब उर्फ खुशबू से हुई थी। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और दोनों लगातार संपर्क में थे।
मृतक के भाई अमजद खान के अनुसार, 4 अगस्त को युवती ने अकमल को अपने घर बुलाया था। इसके बाद गुरुवार सुबह उन्हें अकमल के फंदे से लटके होने की सूचना मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती और उसके परिजनों ने मिलकर अकमल की हत्या की और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तहजीब उर्फ खुशबू समेत उसके परिजनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि मामले में पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















