सुपौल, 28 अप्रैल।
सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीमा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें भारी मात्रा में कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान की तस्करी का भंडाफोड़ कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
सीमा चौकी निओर के जिम्मेदारी क्षेत्र में 27 अप्रैल 2026 को आंध्रामठ पुलिस के साथ संयुक्त नाका ड्यूटी के दौरान यह कार्रवाई की गई, जिसमें एक तीन पहिया वाहन (ऑटो) से बड़ी मात्रा में कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की गई। वाहन में सवार चार महिलाओं और एक चालक सहित कुल पांच लोगों को मौके पर पकड़ लिया गया। वाहन के रजिस्ट्रेशन, चेसिस और इंजन नंबर की भी जांच की गई।
वाहिनी के कमांडेंट ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन निगरानी रखी जा रही है। प्राप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 229 के पास संभावित तस्करी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
नाका ड्यूटी के दौरान जब वाहन को रोका गया और तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान पाया गया। पूछताछ में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक उत्तर दे पाए। इसके बाद सभी सामान और वाहन को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
जब्त सामान और वाहन को विधिवत कार्रवाई के बाद कस्टम कार्यालय कुनौली को सौंप दिया गया। सशस्त्र सीमा बल ने स्पष्ट किया है कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।













