नई दिल्ली, 07 मई ।
केंद्र सरकार 8 मई को कानपुर स्थित राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान में एयरोनॉटिक्स और संबंधित क्षेत्रों के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना को लेकर उच्चस्तरीय उद्योग परामर्श आयोजित करने जा रही है। यह पहल देश में वैश्विक प्रतिस्पर्धा वाला एयरोस्पेस कौशल तंत्र विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अनुसार इस आयोजन का संचालन प्रशिक्षण महानिदेशालय द्वारा किया जाएगा। इसमें 30 से अधिक वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधि, मुख्य कार्यकारी अधिकारी और नीति विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो इस क्षेत्र में भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे।
यह उत्कृष्टता केंद्र प्रधानमंत्री कौशल एवं रोजगार रूपांतरण योजना के तहत विकसित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत देश में पांच विशेष सेक्टर आधारित केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें कानपुर के अलावा भुवनेश्वर, चेन्नई, हैदराबाद और लुधियाना भी शामिल हैं, जहां अलग-अलग तकनीकी क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा।
कानपुर स्थित यह केंद्र विशेष महत्व रखता है क्योंकि इसे भारत और फ्रांस के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत तैयार किया जा रहा है। इसमें फ्रांस की एयरोनॉटिक्स विशेषज्ञता को भारत की बढ़ती कौशल व्यवस्था से जोड़ा जाएगा, जिससे विमान डिजाइन, एयरोस्पेस निर्माण, रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल तथा एवियोनिक्स जैसी तकनीकों को मजबूती मिलेगी।
बैठक की अध्यक्षता मंत्रालय की सचिव द्वारा की जाएगी, जबकि प्रशिक्षण महानिदेशक भी इसमें मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की मौजूदा बुनियादी सुविधाओं और कार्यशालाओं का निरीक्षण कराया जाएगा तथा विभिन्न तकनीकी सेटअप्स का लाइव प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया जाएगा।
इस परामर्श में उत्कृष्टता केंद्र की संरचना, प्रमुख उद्योग भागीदारों की भूमिका, संयुक्त निवेश मॉडल, पाठ्यक्रम निर्माण, प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण ढांचे और अंतरराष्ट्रीय मान्यता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को वैश्विक अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।











.jpg)