जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को स्मैक, भारी नकदी और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार वाहन जांच अभियान के दौरान त्रिशूलिया घाट जाने वाली सड़क पर बाबाजी की कुटिया के पास पुलिस ने यामाहा एफजेड बाइक पर सवार दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 16.01 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पकड़े गए युवकों की पहचान बैरगाछी थाना क्षेत्र के बुधेश्वरी गांव निवासी रामकुमार राय और मो. अबु नसर उर्फ लड्डू के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के इस्तमा टोला में छापेमारी की गई।
छापेमारी में मो. रउफ नामक व्यक्ति के घर से 8 लाख 36 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए गए, जो स्मैक की बिक्री से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक यामाहा बाइक भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और इसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।












