जयपुर, 08 मई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टोंक जिले के दत्तवास थाने में पदस्थ एक एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी पर एक मामले में मदद करने और जब्त मोबाइल लौटाने के बदले रुपये मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार आरोपी सहायक उपनिरीक्षक गणेश नारायण चौधरी परिवादी से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया और फिर ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की गई।
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई, जिसमें विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि परिवादी के खिलाफ दत्तवास थाने में एक प्रकरण दर्ज था। उसी मामले में सहायता करने और पुलिस द्वारा जब्त मोबाइल वापस देने के बदले रिश्वत मांगी जा रही थी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






.jpg)

.jpg)

.jpg)
