हरिद्वार, 1 मई।
मंगलौर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा के दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से चोरी की गई ईको कार और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है। खास बात यह है कि दोनों आरोपी कबड्डी और ताइक्वांडो के खिलाड़ी हैं, लेकिन नशे की लत और महंगी जीवनशैली की चाह में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
मामले की शुरुआत 22 अप्रैल को हुई जब दिल्ली निवासी बंटी ने मंगलौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि गुंड मंडी क्षेत्र से उनकी ईको कार चोरी हो गई है। इसके बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैनुअल सर्विलांस के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि आरोपी हरिद्वार से हरियाणा की ओर भागते समय कई टोल प्लाजा पर लगे कैमरों में कैद हुए थे।
लगातार निगरानी के बाद पुलिस टीम ने पानीपत के गोहाना रोड क्षेत्र में दबिश देकर गुरुवार को दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
उनकी निशानदेही पर दिल्ली नंबर की ईको कार और बिना नंबर प्लेट की काली स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली गई, जिसका इस्तेमाल चोरी की वारदात में किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शाहिल और संदीप, जो राजनगर पानीपत के निवासी हैं, खेलों की कोचिंग लेते हैं लेकिन नशे के आदी हो चुके थे। महंगे शौक और दिखावे की जिंदगी जीने के लिए दोनों वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
योजना के तहत दोनों पहले पानीपत से वाहन बुक कर हरिद्वार पहुंचे और फिर गुंड मंडी क्षेत्र से ईको कार चोरी कर फरार हो गए थे।










