अजमेर, 11 मई।
किशनगढ़ क्षेत्र के कल्याणीपुरा गांव के पास नाले के समीप एक युवक का जला हुआ शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव को सात दिन से लापता चल रहे गुदली गांव निवासी प्रदीप बजाड़ का होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गुर्जर समाज में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार प्रदीप बजाड़ 3 मई को किसी काम से घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। करीब सात दिन बाद उसका जला हुआ शव मिलने से मामला और गंभीर हो गया।
घटना के विरोध में रविवार रात से शुरू हुआ धरना प्रशासन और समाज प्रतिनिधियों के बीच वार्ता के बाद समाप्त हुआ। पार्षद किशन गुर्जर ने समाज की ओर से एसडीएम को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। समाज ने पुलिस को मामले के खुलासे के लिए पांच दिन का समय दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में शव की पहचान प्रदीप बजाड़ के रूप में होने की संभावना है, लेकिन इसकी पुष्टि डीएनए जांच के बाद ही होगी। प्रशासन की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए।
घटना के बाद गुर्जर समाज और ग्रामीणों ने पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंचे कुछ लोगों के मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त किए, जिससे नाराजगी और बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए सात थानों की पुलिस और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
धरना स्थल पर जनप्रतिनिधियों और समाज के कई लोग मौजूद रहे और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।





.jpg)






