अपराध
05 May, 2026

गेहूं मशीन हादसे में महिला की मौत, चालक पर केस

राजगढ़ के ग्राम आगर में गेहूं साफ करने की मशीन में साड़ी फंसने से महिला की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

राजगढ़, 05 मई।

राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आगर में एक दर्दनाक घटना में महिला की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। गेहूं साफ करने की मशीन में साड़ी फंसने से हुई इस घटना में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार यह घटना 9 अप्रैल की है, जब मजदूर परिवार खेत में ट्रैक्टर से संचालित गेहूं साफ करने की मशीन के माध्यम से काम कर रहा था। इसी दौरान ग्राम आगर निवासी 52 वर्षीय गीताबाई की साड़ी मशीन के पट्टे में फंस गई, जिससे उनके गले में फंदा लग गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मशीन को बंद कर महिला को बाहर निकाला और परिजन उन्हें उपचार के लिए नरसिंहगढ़ के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले में पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ट्रैक्टर से जुड़ी मशीन का संचालन लापरवाहीपूर्वक किया गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

इसके आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक मांगीलाल जाट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़