अमेठी, 08 मई
पीपरपुर थाना क्षेत्र के खानापुर गांव में शुक्रवार को एक युवक की अवैध असलहे से गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई, वहीं जिला अस्पताल तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रीकांत मिश्रा के मौसेरे भाई सचिन पांडेय ने गांव के ही युवक दीपक मिश्रा को पिस्टल दिखाने के बहाने बुलाया था। आरोप है कि इसी दौरान अवैध पिस्टल से सचिन पांडेय ने दीपक मिश्रा के सीने में गोली चला दी। गोली लगते ही दीपक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को सुल्तानपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 26 वर्षीय दीपक मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्यों का संकलन किया। वहीं पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीपरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। घटना के समय मृतक का दोस्त बालेंद्र मिश्रा भी मौजूद था, जिससे पूछताछ की जा रही है।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना पीपरपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।







.jpg)

.jpg)

.jpg)
