चित्तौड़गढ़, 04 मई।
जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शंभूपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है।
जानकारी के अनुसार ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस टीम लगातार मादक पदार्थों के भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोका गया, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने बाइक से 5 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम बरामद की, जिसकी बाजार कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के नीमच जिले के निवासी राज पुत्र मेघराज भील और जावी निवासी पप्पू पुत्र नाथूलाल सेन के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया है।
इस मामले में शंभूपुरा थाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या मादक पदार्थों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।



.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)



