मुरादाबाद, 04 मई।
जिले में दुष्कर्म के एक मामले में मुकदमा वापस लेने के लिए पीड़िता को धमकाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोमवार को आरोपित के रिश्तेदार सहित पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मझोला थाना क्षेत्र निवासी एक युवक के खिलाफ सिविल लाइंस क्षेत्र की युवती ने जनवरी माह में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने विवाह का झांसा देकर उसका शोषण किया और बाद में उसके साथ मारपीट भी की।
पीड़िता ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपित और उसके परिजन लगातार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अप्रैल की शाम करीब पांच बजे वह अपनी बहन के साथ घर पर मौजूद थी, तभी आरोपित का चाचा दो महिलाओं और एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा।
बताया गया है कि इस दौरान सभी ने घर में घुसकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने उसे तेजाब डालकर जलाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने यह भी बताया कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और उसे अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा महसूस हो रहा है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपित संजीव एम लाल, शुभम और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





.jpg)

.jpg)
.jpg)



