मीरजापुर, 08 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में चुनार कोतवाली क्षेत्र के बहरामगंज कोलहुआ घाट में मंगलवार देर रात अचानक आई तेज आंधी ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। पड़ोसी के निर्माणाधीन दो मंजिला मकान की ढही दीवार के मलबे में दबकर 60 वर्षीय राधा देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति नंदलाल बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना रात करीब 11 बजे हुई। तेज हवाओं के बीच निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक गिर गई और पास ही रह रहे वृद्ध दंपति उसके मलबे में फंस गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पड़ोसी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राधा देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उनके पति नंदलाल बिंद का प्राथमिक उपचार किया गया और स्थिति नाजुक होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि दंपति मूल रूप से ककरहवा सबरी फाटक (कटरा कोतवाली) के निवासी हैं और पिछले दो वर्षों से चुनार में मकान बनवाकर रह रहे थे। घटना से मोहल्ले में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल वृद्ध का उपचार जारी है।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)