जूनागढ़, 29 मई
गुजरात के जूनागढ़ जिले की भेसाण तहसील पंचायत में चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक समीकरणों ने एक अप्रत्याशित मोड़ ले लिया है, जहां आम आदमी पार्टी ने भारी बहुमत हासिल करने के बावजूद सत्ता से दूर रहना पड़ सकता है।
ताजा चुनाव परिणामों में आम आदमी पार्टी ने कुल 16 में से 13 सीटों पर विजय प्राप्त कर स्पष्ट बहुमत स्थापित किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी को केवल 3 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इसके बावजूद सत्ता की बागडोर पार्टी के हाथों में नहीं आ सकी।
इस स्थिति का मुख्य कारण आरक्षण व्यवस्था को बताया जा रहा है, जिसके तहत इस बार तहसील पंचायत का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। आम आदमी पार्टी के अनुसूचित जाति वर्ग के सभी उम्मीदवार चुनाव में पराजित हो गए, जिससे उसके पास अध्यक्ष पद के लिए कोई पात्र सदस्य उपलब्ध नहीं रहा।
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के तीन विजयी प्रत्याशियों में से एक अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाले भिखाभाई मकवाणा हैं, जो अब इस आरक्षित पद के लिए एकमात्र उपयुक्त सदस्य के रूप में सामने आए हैं। नियमों के अनुसार इसी आधार पर उनका अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के चलते यह स्थिति बन गई है कि जनता के जनादेश में भले ही बहुमत आम आदमी पार्टी को मिला हो, लेकिन आरक्षण और तकनीकी नियमों के कारण सत्ता का नेतृत्व अब भाजपा के हाथों में जाता दिखाई दे रहा है।








.jpg)



