भोपाल, 08 अप्रैल 2026।
भोपाल के पॉलिटेक्नीक चौराहा पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बुधवार दोपहर जोरदार प्रदर्शन किया। एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज के पास संचालित शराब दुकान के विरोध में कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ। प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र रूप ले गया और पुलिस तथा कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं।
प्रदर्शनकारियों ने शराब दुकान के बोर्ड को फाड़ दिया और पथराव कर उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। प्रशासनिक अमले ने ट्रैफिक खोलने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच टकराव हुआ।
एबीवीपी की केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य शालनी वर्मा ने बताया कि पॉलिटेक्नीक चौराहा पर स्थित शराब दुकान एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज के 100 मीटर के दायरे में संचालित हो रही है, जो नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से यह स्थिति बनी हुई है।
संगठन ने हाल ही में इस क्षेत्र में दो छात्राओं के साथ हुई छेड़छाड़ की घटनाओं का हवाला देते हुए चिंता जताई। उनका कहना है कि शराब पीकर आने वाले लोग छात्राओं को निशाना बनाते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में है। यही कारण है कि छात्रों में आक्रोश बढ़ा और विरोध उग्र हो गया।
शालनी वर्मा ने यह भी कहा कि पहले कई बार शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देकर शराब दुकान हटाने की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद ही संगठन को उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
मामले में एसडीएम भुवन गुप्ता ने बताया कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं से बातचीत की गई है और उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।







.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
