अपराध
29 Apr, 2026

महिला का पर्स छीनकर भागा आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार

रामपुर उपमंडल में मंदिर जा रही महिला से पर्स छीनकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

शिमला, 29 अप्रैल

रामपुर उपमंडल में मंदिर की ओर पैदल जा रही एक महिला से पर्स छीनकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दबोच लिया। घटना के बाद क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला रामपुर थाना क्षेत्र के तकलेच का है, जहां कोलकाता निवासी 54 वर्षीय गुंजन कनोडिया ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह शरायकोटी माता मंदिर जाने के लिए जा रही थीं और रास्ते में एक बोलेरो कैंपर में लिफ्ट ली थी, जिसमें चालक के अलावा एक पुरुष और एक युवती भी सवार थे।

तकलेच के पास वाहन आगे न बढ़ पाने पर चालक ने तीनों को सेरी में उतार दिया और वापस लौट गया, वहीं युवती अपने गांव की ओर चली गई। इसके बाद महिला और वह पुरुष पैदल आगे बढ़े। आरोप है कि रास्ते में एक जल स्रोत के पास उस व्यक्ति ने महिला का पर्स छीन लिया, धक्का देकर गिराया और गांव की ओर भाग गया।

पर्स में मोबाइल फोन, चार्जर, प्लग, डायरी, आधार कार्ड की प्रति और लगभग छह हजार रुपये नकद रखे थे। घटना के बाद महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपी की पहचान राजवीर सिंह, आयु 46 वर्ष, निवासी गांव रून, डाकघर मुनीश बाहली, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में की है। पुलिस के अनुसार आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़