उमरिया, 12 मई
जिले के चंदिया रेंज अंतर्गत सलैया बीट क्षेत्र में वन भूमि से अवैध रेत उत्खनन को लेकर वन विभाग और रेत माफियाओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके बाद एक ट्रैक्टर जब्त किया गया और चार लोगों पर मामला दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार पनिहा नाला क्षेत्र में वन भूमि से अवैध रेत निकाले जाने की सूचना पर वन रक्षक मौके पर पहुंचे थे। टीम द्वारा ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किए जाने पर गांव के कुछ लोगों ने विरोध करते हुए अभद्रता और गाली-गलौज की और पकड़ा गया ट्रैक्टर छुड़ा लिया।
इस मामले में चंदिया थाने में अपराध क्रमांक 131/26 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसमें परमीत सिंह, प्रियांशु सिंह सहित दो अन्य लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं।
घटना के अगले दिन सोमवार को वन विभाग की टीम ने फिर से क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान तीन ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत भरते हुए पाए गए, लेकिन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गए। पीछा करने पर एक ट्रैक्टर को पकड़कर जब्त कर लिया गया, जिसे देर रात चंदिया लाया गया।
वन विभाग के अनुसार रविवार को हुई अभद्रता और ट्रैक्टर छुड़ाने की घटना के बाद पहले ही रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार को मिली सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई, जिसमें एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है और अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।








.jpg)


