राजस्थान
29 Apr, 2026

अजमेर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पायलट पर टिप्पणी को लेकर भाजपा नेता से माफी की मांग

अजमेर में सचिन पायलट पर कथित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भाजपा नेता से सार्वजनिक माफी की मांग की और आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

जयपुर, 29 अप्रैल।

कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के खिलाफ भाजपा नेता राधामोहन दास द्वारा कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर अजमेर में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पायलट समर्थक कार्यकर्ता गांधी भवन पर एकत्र हुए और भाजपा नेता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर धरना देते हुए मांग की कि संबंधित भाजपा नेता सार्वजनिक रूप से सचिन पायलट से माफी मांगें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में महेंद्र सिंह रलावता, नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे शिव प्रकाश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। विजय जैन ने आरोप लगाया कि भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधामोहन दास ने मर्यादा का उल्लंघन करते हुए ऐसी टिप्पणी की है जिससे प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता के सम्मान में सभी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए थी, जबकि इस मुद्दे पर निष्क्रियता राजनीतिक रूप से नुकसानदायक साबित हो सकती है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने सफाई देते हुए कहा कि वह जयपुर में होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके और उन्हें सूचना भी नहीं मिली थी, साथ ही उन्होंने टिप्पणी की निंदा भी की।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़