शिमला, 29 अप्रैल।
सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत होने का मामला सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई रामपुर थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर की गई है।
शिकायत रामपुर बाजार निवासी राघव सोनी द्वारा दर्ज कराई गई है, जिसमें कहा गया है कि उनकी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सनातन हिंदू धर्म में गाय को माता और नंदी को आस्था का प्रतीक माना जाता है। साथ ही यह भी बताया गया कि 27 अप्रैल को रामपुर बुशहर सहित देश के कई हिस्सों में गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपे गए थे और इसी विषय से जुड़ी एक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की गई थी।
आरोप है कि प्रताप टेलर नामक व्यक्ति ने इस पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए नंदी को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया और उसका मजाक उड़ाया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
शिकायतकर्ता ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए उसके पृष्ठभूमि की जांच की भी बात कही है। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 299 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






.jpg)





