नई दिल्ली, 1 मई।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर शराब के नशे में विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी से उनके खिलाफ तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
सचदेवा ने कहा कि विधानसभा में जिस तरह मुख्यमंत्री मान लड़खड़ाते हुए पहुंचे और अस्थिर आवाज में सदन को संबोधित किया, उस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें रोका नहीं, जिससे अध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से लोकतांत्रिक मर्यादा आहत हुई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मान हताशा की स्थिति में शराब के प्रभाव में सदन पहुंचे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उन्हें स्वयं भी पंजाब सरकार की स्थिरता पर भरोसा नहीं रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले सांसद रहते हुए भी वे इसी तरह की स्थिति में संसद में पहुंच चुके हैं।
सचदेवा ने कहा कि पंजाब सहित देश और दिल्ली की जनता इस व्यवहार से हैरान है और चाहती है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तुरंत इस मामले में कार्रवाई करें।



.jpg)






