असम
10 Apr, 2026

असम एचएसएलसी परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित, 65.62% छात्र उत्तीर्ण

असम एचएसएलसी 2026 परिणाम घोषित हुए, जिसमें 65.62 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण रहे। डिमा हसाओ जिला शीर्ष पर रहा, जबकि कछार जिले का प्रदर्शन सबसे कमजोर दर्ज किया गया।

गुवाहाटी, 10 अप्रैल।

असम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को एचएसएलसी परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित किए, जिसमें कुल 65.62 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। परीक्षा में शामिल 4,29,249 छात्रों में से 2,81,701 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।

यह परीक्षाएं 10 से 27 फरवरी के बीच आयोजित की गई थीं, जबकि परिणाम 10 अप्रैल को जारी किए गए। कुल 4,38,564 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 9,315 अनुपस्थित रहे और 135 को अनुशासनात्मक कारणों से परीक्षा से बाहर किया गया। पांच उम्मीदवारों के परिणाम रोके गए हैं।

परीक्षा में 1,86,468 छात्र और 2,42,781 छात्राएं शामिल हुईं। प्रदर्शन के अनुसार, छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 67.78 रहा, जबकि छात्राओं का 63.96 प्रतिशत रहा।

श्रेणीवार परिणामों में 85,189 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, जिनमें 3,983 ने डिस्टिंक्शन और 13,681 ने स्टार मार्क हासिल किए। 1,50,167 छात्र द्वितीय श्रेणी में और 46,345 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। 99,062 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में लेटर मार्क प्राप्त किए।

जिलावार प्रदर्शन में डिमा हसाओ 88.23 प्रतिशत के साथ शीर्ष पर रहा, इसके बाद शिवसागर 84.08 प्रतिशत और डिब्रूगढ़ 78.46 प्रतिशत पर रहे। कछार जिले का परिणाम सबसे कम 49.13 प्रतिशत दर्ज किया गया।

श्रेणीवार आंकड़ों में एसटी (पी) वर्ग का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ 73.65 प्रतिशत रहा, इसके बाद ओबीसी 71.65 प्रतिशत और एमओबीसी 70.94 प्रतिशत रहा। चाय जनजाति (टी ट्राइब) का उत्तीर्ण प्रतिशत 50.51 प्रतिशत रहा।

मेरिट सूची में बजाली के पटाचारकुची स्थित शंकरदेव शिशु निकेतन के ज्योतिर्मय दास ने पहला स्थान हासिल किया। बिश्वनाथ जिले की आकांक्षा भुइयां, डिब्रूगढ़ की जिया फराह इस्लाम और नलबाड़ी के सुरजीत अख्तर शीर्ष रैंक धारकों में शामिल रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़