भोपाल, 11 मई।
राजधानी भोपाल में रविवार शाम दो अलग-अलग स्थानों पर युवक-युवती से जुड़े मामलों में मारपीट की घटनाएं सामने आईं। एक घटना गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के गौतम नगर स्थित होटल की है, जबकि दूसरी तलैया थाना क्षेत्र के कमला पार्क की बताई जा रही है। दोनों ही मामलों में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पहली घटना में गौतम नगर स्थित प्राइड होटल में एक युवक और युवती के ठहरने की सूचना पर कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों कुछ समय पहले ही होटल में रुके थे। इसके बाद कमरे में पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला गया और युवक के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसके कपड़े फाड़ दिए गए तथा चेहरे पर स्याही और गोबर लगा दिया गया और बाद में उसे सड़क पर घुमाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित निकालकर थाने ले जाया गया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में है और दोनों अपनी सहमति से होटल में रुके थे। उसने किसी भी प्रकार के विवाद या जबरदस्ती से इनकार किया और कानूनी कार्रवाई से भी मना कर दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवक के खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी और अमानत में खयानत सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से कुछ न्यायालय में विचाराधीन हैं। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
दूसरी घटना कमला पार्क की है, जहां एक युवक और युवती पार्क में बैठे थे। युवती बुर्का पहने हुए थी, जबकि युवक की पहचान को लेकर कुछ लोगों को संदेह हुआ। नाम पूछे जाने पर जवाब न मिलने पर लोगों ने उसे दूसरे समुदाय का समझकर उसके साथ मारपीट कर दी। बाद में पता चला कि दोनों एक ही समुदाय से संबंधित थे।
पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों ने किसी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों घटनाओं में अब तक किसी भी थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।





.jpg)





