भोपाल, 13 मई।
राजधानी में साइबर ठगों का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता जा रहा है, जहां केवायसी अपडेट, बिजली बिल और फर्जी सप्लाई जैसे बहानों से आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। एक ही दिन में कोलार थाने में चार और बागसेवनिया थाने में एक ठगी का मामला दर्ज हुआ, जिनमें कुल मिलाकर 14 लाख रुपये से अधिक की ठगी सामने आई है।
कोलार के सी-सेक्टर निवासी सोनाली साहू के साथ केवायसी अपडेट के नाम पर ठगी की गई। उन्हें व्हाट्सएप पर भेजी गई एक एपीके फाइल डाउनलोड कराने के बाद उनके बैंक खाते से 4 लाख 23 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस पूरी प्रक्रिया में ठगों ने उनके मोबाइल का नियंत्रण हासिल कर लिया।
इसी तरह 81 वर्षीय रिटायर्ड कमिश्नर बलवान सिंह, जो आदिम जाति कल्याण विभाग से सेवानिवृत्त हैं, उनके यूपीआई खाते से 1 लाख 2 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित को ठगी की पूरी प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, जबकि पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन और मोबाइल गतिविधियों की जांच कर रही है।
एक अन्य मामले में सागर ग्रीन होम्स निवासी प्रिया मीना से ऑनलाइन व्यापार के नाम पर ठगी की गई। फेसबुक पर फर्जी सप्लायर बनकर आरोपी ने उन्हें झांसे में लिया और अलग-अलग किश्तों में 4 लाख 12 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। इससे पहले भी पीड़िता इसी तरह 60 हजार रुपये गंवा चुकी हैं।
बागसेवनिया की पेबल बे कॉलोनी निवासी 67 वर्षीय शिवचरण करोडे से बिजली विभाग अधिकारी बनकर संपर्क किया गया और बिल बकाया व ई-केवायसी के नाम पर लिंक भेजकर यूपीआई पासवर्ड डलवाया गया। इसके बाद उनके खाते से 3 लाख रुपये निकाल लिए गए।
पुलिस ने सभी मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साइबर सेल बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और आईपी एड्रेस की जांच में जुटी है। पुलिस का अनुमान है कि यह ठग अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।












.jpg)


.jpg)